कांग्रेस केअध्यक्ष पद के चुनाव के उम्मीदवार शशि थरूर ने रविवार को कहा कि गांधी परिवार उनके और दूसरे उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे के साथ है। उन्होंने दावा किया कि दोनों में से किसी के प्रति गांधी परिवार का कोई भी पूर्वाग्रह नहीं है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए थरूर ने कहा कि उनका उद्देश्य 2024 के चुनावों से पहले कांग्रेस को मजबूत बनाना है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार मुझे और खरगे जी को आशीर्वाद दे रहा है, क्योंकि हम पार्टी को मजबूत बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। थरूर ने अटकलों को खारिज कर दिया कि खरगे के साथ चल रही चुनावी लड़ाई एक आधिकारिक उम्मीदवार (खरगे) और एक अनौपचारिक (खुद) के बीच थी।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के साथ मेरी बातचीत ने मुझे आश्वस्त किया है कि मेरे या खरगे के प्रति उनका कोई पूर्वाग्रह नहीं है। थरूर ने कहा कि भाजपा को विपक्ष का हिस्सा बनने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि 2024 के चुनाव के बाद उन्हें वहीं बैठना होगा।
थरूर ने कहा कि हमारी पार्टी को बदलाव की जरूरत है और मुझे लगता है कि मैं ही बदलाव का उत्प्रेरक हूं। कांग्रेस ने देश को अच्छी तरह से चलाया है और पार्टी में लोगों को काफी अनुभव है। उन्होंने मुंबई में कांग्रेस राज्य मुख्यालय में डेलिगेट आउटरीच कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमें मतदाताओं का विश्वास जीतने की जरूरत है। बैठक में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले मौजूद नहीं थे।
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर के साथ उनके मुकाबले का उद्देश्य देश और पार्टी की बेहतरी के लिए अपने विचार रखना है। उन्होंने कहा कि यह आंतरिक चुनाव है। यह एक घर में ऐसे दो भाइयों की तरह है, जो लड़ नहीं रहे हैं, बल्कि अपनी बात रख रहे हैं और एक-दूसरे को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।