जनआक्रोश रैली में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी फ्लाइट में हुई खराबी पर पहली बार खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2-3 दिन पहले हम कर्नाटक जा रहे थे और हवाई जहाज 8000 फुट नीचे की ओर गिरा।
मैंने सोचा चलो गाड़ी गई! मेरे दिमाग में आया कि मुझे कैलाश मानसरोवर जाना है! मुझे कर्नाटक चुनाव के बाद 10-15 दिन की छुट्टी चाहिए होगी ताकि, मैं वहां जा सकूं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान में कांग्रेस पार्टी जीतेगी, 2019 में कांग्रेस पार्टी जीतेगी क्योंकि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है।
आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नई दिल्ली से हुबली ले जा रहे विशेष विमान में तकनीकी खराबी आने को कांग्रेस ने तोड़फोड़ की साजिश बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की थी। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने कांग्रेस अध्यक्ष को फोन कर उनका हालचाल पूछा था।
राहुल के करीबी सहयोगी ने इस पर चिंता जताते हुए आशंका व्यक्त की थी कि राहुल को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझ कर तो तोड़फोड़ नहीं की गई। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली थी।राहुल गांधी के साथ यात्रा कर रहे उनके करीबी सहयोगी कौशल विद्यार्थी ने कर्नाटक के डीजीपी नीलमणि एन राजू को पत्र लिखकर शिकायत की थी। विमान के हुबली एयरपोर्ट पर लैंड करने से पहले उसमें खराबी आ गई थी। पत्र में कहा गया है कि सुबह करीब 10:45 बजे राहुल के विमान का संतुलन अचानक बिगड़ गया। वह तेजी से बाईं ओर झुकने लगा।
पत्र में कहा गया था कि मौसम भी सामान्य था और हवा भी तेज नहीं थी। ऐसे में संदेह होना स्वाभाविक है। विमान का अचानक तेजी से नीचे की ओर आना मौसम संबंधी या स्वाभाविक नहीं, बल्कि उसमें तकनीकी खराबी थी। पत्र में कहा गया था कि विमान में जानबूझकर छेड़छाड़ से इनकार नहीं किया जा सकता है अत: इसकी जांच होनी चाहिए।