इससे पहले राहुल गांधी मोदी सरकार पर तंज कसने से नहीं चूके हैं। उनके तीर राजनीतिक हलके में चर्चा का विषय बने हैं। मसलन प्रधानमंत्री मोदी को लक्षित करके सूट-बूट की सरकार का कसा गया तंज भी राहुल गांधी का ही था। काफी चर्चित हुआ था।
कांग्रेस के नेता, इस पर कहते भी हैं कि इसके बाद
प्रधानमंत्री के सूट पहनने के अंदाज में बड़ा बदलाव आया। निर्धारित कर देकर स्वेच्छा से अपनी आय घोषित करने को लेकर भी राहुल गांधी ने तंज कसा था। उन्होंने इसकी तुलना काले को गोरा बनाने वाली टीम से की थी। ऐसे में यह सवाल भी उठता है, क्या राहुल गांधी इस बार भी सरकार को तंज के जरिए आईना दिखाएंगे?
कांग्रेस पार्टी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े सदस्य का कहना है कि ऐसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वह मोदी सरकार के आखिरी पूर्ण कालिक बजट पर संयमित भाषा में बड़ा कटाक्ष कर सकते हैं।
कैसा रहेगा बजट सत्र?
कांग्रेस पार्टी के नेताओं और रणनीतिकारों के मूड को देखते हुए लग रहा है कि वह मोदी सरकार को भरपूर तरीके से घेरेंगे। सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर उसे आईना दिखाएंगे। इसके लिए राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों में घेरने की तैयारी है। विपक्ष गांव, किसान, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य के मुद्दे पर सरकार को आईना दिखा सकता है। इसके अलावा कई और ज्वलंत मुद्दे उठाने की तैयारी है।
सीबीआई के विशेष जज जस्टिस लोया की मौत का मामला भी दोनों सदनों में उठना तय है। चीन और पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्ते तथा सीमा पर तनाव को लेकर कांग्रेस सत्ता पक्ष को घेरेगी। दोकलम पर चर्चा की मांग होने की तैयारी चल रही है। जम्मू-कश्मीर में हालात को लेकर भी कांग्रेस सत्ता पक्ष से जवाब मांगने की तैयारी कर रही है।