कांग्रेस ने राफेल डील को लेकर मोदी सरकार पर हमला तेज करने के साथ बोफोर्स को लेकर कांग्रेस और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर लगाए गए आरोपों का भी स्पष्टीकरण दिया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान भी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजीव गांधी के खिलाफ छोटा सा भी साक्ष्य नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता और बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने प्रेस कांफ्रेस में कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के आरोपियों को कभी बचाने की कोशिश नहीं की। बोफोर्स के नाम पर भाजपा ने देश भर में मुहिम चलाई। देश जिन्हें मिस्टर क्लीन के नाम से जानता और मानता था, उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।