उन्होंने आजाद के बयान को ‘शर्मनाक और गैर जिम्मेदाराना’ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा से मनोरोग के स्तर तक की घृणा उसकी राजनीति का आधारस्तंभ बन गई है, जिसमें राष्ट्रहित कई बार पीछे चला जाता है।'
प्रसाद ने दावा किया कि पाकिस्तान आजाद के बयान का इस्तेमाल भारत के खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन के अपने एजेंडा को आगे बढ़ाने में करेगा।
राहुल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथियों से बेहतर की अपेक्षा नहीं की जा सकती है जब उन्होंने खुद जेएनयू में उन लोगों का समर्थन किया था, जिन्होंने देश के खिलाफ नारेबाजी की थी। उन्होंने पाक के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया था और सरकार पर ‘खून की दलाली करने’ जैसे आरोप लगाए थे।
प्रसाद ने कहा कि कश्मीर में कथित आईएस आतंकवादियों के मारे जाने से इस बात की पुष्टि ही होती है कि सुरक्षा बलों को खुली छूट दी जानी चाहिये।
भाजपा नेता ने कहा कि आजाद ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत की शहीद औरंगजेब के घर के दौरे को ड्रामा बताया था और आश्चर्य जताया कि क्या कांग्रेस इतना नीचे गिर गई है। सैनिक औरंगजेब का अपहरण करने के बाद आतंकवादियों ने उनकी हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘क्या इससे अधिक शर्मनाक कुछ भी हो सकता है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के इन बयानों से लश्कर- ए- तय्यबा ने अब श्रीनगर से चलने वाले अखबार के संपादक शुजात बुखारी की हत्या के लिये भारतीय सुरक्षा बलों पर दोषारोपण करना शुरू कर दिया है।