कांग्रेस अभी अपना मुख्यालय 24 अकबर रोड ही बनाए रखना चाहती है। पार्टी 26, अकबर रोड और 5, रायसीना रोड स्थित बंगले खाली करने को तैयार है लेकिन फिलहाल मुख्यालय बदलना नहीं चाहती है। करीब 44 सालों से कांग्रेस की पहचान 24 अकबर रोड से जुड़ी है।
कांग्रेस को बीते दो सालों में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग से कई बार बंगले खाली करने के नोटिस मिल चुके हैं। पार्टी की पिछले साल 28 दिसंबर स्थापना दिवस पर नए इंदिरा भवन 9ए कोटला रोड में प्रवेश की तैयारी थी।
कांग्रेस ने फिलहाल 26 अकबर रोड जिसमें सेवादल और 5, रायसीना रोड जिसमें युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यालय हैं खाली करने का फैसला कर लिया है। इनके अलावा कुछ अन्य विभाग भी इस स्थापना दिस पर नए भवन में शिफ्ट हो जाएंगे।
भाजपा की तरह कांग्रेस को भी नए मुख्यालय के निर्माण के लिए लुटियन दिल्ली से बाहर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर प्लाट मिला था। भाजपा अशोक रोड से निकलकर अपने मुख्यालय में पहुंच गई है। कांग्रेस कोरोना के चलते 24 अकबर रोड छोड़ने के लिए कुछ और समय चाह रही है। प्लाट मिलने पर कांग्रेस को 2018 तक नए भवन में शिफ्ट कर जाना था।
कांग्रेस ने जनसंघ नेता पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम वाली सड़क पर नए भवन का मुख्य द्वार पीछे की कोटला रोड पर रखा है।