मानसून सत्र से पहले सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बुधवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कांग्रेस रणनीति समूह की बैठक हुई। इस बैठक में राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटोनी, मनीष तिवारी, वेणुगोपाल, जयराम रमेश और अन्य नेता शामिल थे।
इस बैठक में बताया गया कि महंगाई को लेकर 23 राज्यों में पार्टी के बडे़ नेता 15 जुलाई तक लगातार प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इस दौरान कांग्रेस ने संसद के मानसून सत्र के लिए 6 बिंदुओं का एजेंडा तय किया है। जिसमें कोरोना प्रबंधन, सीमा मुद्दे, तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन, कोरोना के कारण बेरोजगारी, राफेल खरीद और ईंधन की कीमतों में वृद्धि शामिल है।