देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा पूरी करने के बाद कांग्रेस ने यूपी में अगले चरण के प्रचार का खाका तैयार कर लिया है। प्रदेश में युवाओं को साधने के लिए पार्टी अब युवक कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) को नवंबर में के शुरू में मैदान में उतारेगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देवरिया से दिल्ली की यात्रा में 25 दिन से अधिक सिर्फ किसानों पर फोकस रखा। साथ ही सांप्रदायिक एकता का संदेश देने के लिए हर धार्मिक स्थलों में दस्तक दी और धर्मगुरुओं से मिले। बृहस्पतिवार को दिल्ली में राहुल ने यात्रा का समापन किया। ‘27 साल यूपी बेहाल’ यात्रा के जरिये शीला दीक्षित, संजय सिंह, राजबब्बर, प्रमोद तिवारी समेत बाकी नेताओं ने सूबे के सारे जिलों का भ्रमण किया। दोनों यात्राओं के सफल होने के बाद अब कांग्रेस का नया टारगेट स्टूडेेंट और नौजवानों को जोड़ना हैै। इसके लिए एनएसयूआई और पार्टी की युवा शाखा को इसके प्रचार अभियान में उतारा जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक नए प्लान के मुताबिक कांग्रेस की युवा टीम प्रदेश के विश्वविद्यालय और बड़े कॉलेजों से गोष्ठी करेगी। युवाओं के बड़े कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के बड़े नेता भी हिस्सा लेंगे। विश्वविद्यालयों में चुनावी डिबेट कराए जाएंगे और सोशल मीडिया के जरिये एनएसयूआई सक्रिय रहेगी। बताया जा रहा है कि इस बारे में खुद प्रशांत किशोर एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों से मिल चुके हैं।