केरल के अलपूझा में कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार से टकराकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक स्कूटर सवार 62 साल के बुजुर्ग थे। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त सिंधिया पीछे की सीट पर बैठे थे।
नई दिल्ली से कोच्ची पहुंचने के बाद सिंधिया उस वक्त सड़क मार्ग से एक कार्यक्रम में जा रहे थे। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग के कोच्ची-अलपूझा खंड में हुआ। सिंधिया केरल में मृतक परिवार से भी मिले। उन्होंने इस बाबत ट्वीट करके कहा, ‘मैं बहुत दुखी हूं, एक जिंदगी के दुखद अंत से।
कोच्चि और अलेप्पी के बीच दुर्भाग्यपूर्ण हादसा.. फौरन अस्पताल भेजने का इंतजाम किया, शोक में डूबे परिवार से मिलने जा रहा हूं।’ मृतक की पहचान हो गई है। उसका नाम शशि है और स्थानीय इलाके पुथियाकावू में रहता था। अलपूझा से कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल ने कहा कि सिंधिया ने मृतक के परिवार से बात की है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के अलावा कार में तीन और पार्टी कार्यकर्त्ता थे।