केसी वेणुगोपाल, के सुरेश और मनिकम टैगोर ने भी लिखा पत्र
वहीं, केसी वेणुगोपाल, के सुरेश और मनिकम टैगोर सहित कांग्रेस सांसदों ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के सांसदों को प्रवेश करने से रोका गया। सत्ता पक्ष के तीन सांसदों ने राहुल गांधी से शारीरिक रूप से बदसलूकी की।
उन्होंने कहा कि यह विपक्ष के नेता को दिए गए विशेषाधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। सत्ता पक्ष के सांसदों का आचरण न केवल राहुल गांधी की व्यक्तिगत गरिमा पर एक ज़बरदस्त हमला था, बल्कि लोकतांत्रिक भावना के भी विपरीत था।
लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में कांग्रेस सांसदों ने दावा किया कि वे शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और संसद में बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च कर रहे थे। जैसे ही हमने मकर द्वार के माध्यम से संसद में प्रवेश करने का प्रयास किया, प्रदर्शनकारी सांसदों को प्रवेश करने से रोका गया।
नगालैंड की भाजपा सांसद फान्गनॉन कोन्याक ने क्या लगाए थे आरोप
बाबासाहेब आंबेडकर के अपमान से जुड़े मुद्दे पर हुई धक्का-मुक्की को लेकर नगालैंड की भाजपा सदस्य फान्गनॉन कोन्याक् ने आरोप लगाया कि वह जब संसद के मकर द्वार के पास अन्य सांसदों के साथ प्रदर्शन कर रही थीं तो लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनके काफी समीप आ गए और उन पर चिल्लाने लगे।
उन्होंने सभापति जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर कहा कि राहुल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने मेरे मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के नेता करीब आए और मुझे यह पसंद नहीं आया और उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। आज जो कुछ भी हुआ, वह बहुत दुखद है, ऐसा नहीं होना चाहिए। मैंने सभापति से भी शिकायत की है।
क्या है मामला?
दरअसल, बाबासाहेब आंबेडकर के अपमान से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष और सत्तापक्ष के सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कथित तौर पर हुई धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत चोटिल हो गए। दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला ने बताया कि ओडिशा के प्रताप सारंगी (69) और उत्तर प्रदेश के मुकेश राजपूत को सिर में चोट लगने के कारण संसद से अस्पताल लाया गया। सारंगी का बहुत खून बह रहा था। उनके माथे पर गहरा घाव था। टांके लगाने पड़े। जब उन्हें लाया गया तो उनका रक्तचाप काफी बढ़ा हुआ था।
दोनों सांसद आईसीयू में
डॉ. शुक्ला ने बताया कि राजपूत के सिर में भी चोट लगी, जिसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गए। हालांकि, जब सांसद को अस्पताल लाया गया तो वह होश में थे। उनका रक्तचाप स्तर भी बढ़ गया था आरएमएल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि दोनों सांसदों को दवाएं दी गई हैं, जबकि सिर के सीटी स्कैन और हृदय परीक्षण जैसी जांच जारी हैं। वे दोनों आईसीयू में हैं।
महिला भाजपा सांसदों के खिलाफ बल प्रयोग करने का आरोप
इससे पहले राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने संसद परिसर में भाजपा सांसदों के साथ राहुल गांधी के आचरण की निंदा की। केंद्रीय मंत्री नड्डा और किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर संसद के प्रवेश द्वार पर महिला भाजपा सांसदों के खिलाफ बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। भाजपा ने उनसे माफी की मांग की।