केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राज्यसभा में संविधान पर चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमले किए। वहीं, अब विपक्षी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि शाह ने संसद के ऊपरी सदन में जो कुछ भी कहा, वह सच से बहुत दूर है।
सिर्फ पीएम मोदी की प्रशंसा करने संसद आए थे गृह मंत्री: खरगे
खरगे ने कहा, आज जो कुछ भी गृह मंत्री ने कहा, वह सच से काफी दूर है। उदाहरण के लिए, क्या भाजपा के कार्यकाल में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा बनाई गई थी? सब कुछ झूठ था। वह लोगों को झूठ के जरिए बहकाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चलेगा। वह संसद सिर्फ प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी की प्रशंसा करने के लिए आए थे।
डबल इंजन सरकार में मुसलमानों को बनाया जा रहा निशाना: दिग्विजय सिंह
वहीं, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, अमित शाह ने पंडित (जवाहर लाल) नेहरू और आरक्षण पर जो बातें कहीं, वह प्रमाणिक नहीं थीं। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि उन्हें यह जानकारी कहां से मिली। आमतौर पर सभापति ऐसे बयानों को प्रमाणित करने की मांग करते हैं। लेकिन आज ऐसा नहीं हुआ। वह (अमित शाह) झूठ बोलते रहे। कांग्रेस नेता यह भी आरोप लगाया कि 'डबल इंजन सरकार' में मुसलमानों को खुलकर निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है।
सिंह ने आगे कहा, अमित शाह कई बार कह चुके हैं कि वह जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा देंगे। लेकिन उनकी मंशा बाहर के लोगों को वहां बसाने की है। जम्मू कश्मीर के लोग इसे नहीं होने देंगे।
अमित शाह ने 90 मिनट तक झूठ बोला: जयराम रमेश
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने भी शाह के राज्यसभा में दिए गए 90 मिनट के लंबे संबोधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, अमित शाह ने 90 मिनट तक झूठ बोला। लोकसभा में 'एक देश-एक चुनाव' पर चर्चा हुई। लेकिन राज्यसभा में 'एक भाषण-कई वक्ता' हो गए। यह सिर्फ कांग्रेस पर हमला था, न कि कोई वास्तविक भाषण। अमित शाह ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता का अपमान किया।
संबंधित वीडियो-