कांग्रेस ने मंगलवार को मंहगाई, बेरोजगारी और अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की बेटी और कांग्रेस प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध बढ़ गया है, तो ऐसे में पीएम मोदी कैसे कह सकते हैं कि देश में सब कुछ ठीक है।
शर्मिष्ठा ने कहा कि मुंबई में पेट्रोल की कीमत 80 रुपये और डीजल की कीमत 73 रुपये हो गयी है। दिल्ली में प्याज की कीमत 70 रुपये से ज्यादा है। दूसरी सब्जियों की कीमत भी ज्यादा है। उन्होंने सवाल किया कि हम सरकार से जानना चाहते हैं कि वह मंहगाई कम करने के लिए क्या कर रही है?
शर्मिष्ठा ने बेरोजगारी पर सरकार को घेरते हुए कहा कि एक अनुमान के मुताबिक, मौजूदा समय में करीब आठ करोड़ लोग बेरोजगार हैं। दूसरी तरफ कुछ महीने में ही लाखों लोगों की नौकरी चली गयी। ऑटो क्षेत्र में मंदी बढ़ती जा रही है, विनिर्माण इकाइयां बंद हो रही हैं, कृषि में भी रोजगार घट रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समय सरकार और समाज के लिए बड़ी चुनौती युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक रूप से इस्तेमाल करना है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो देश और समाज के लिए खतरा बढ़ सकता है।
शर्मिष्ठा ने यह भी कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अपराध बहुत बढ़ गये हैं। दिल्ली का हाल भी अलग नहीं है। उन्होंने तंज कसा- मोदी जी बोलते हैं कि स्मार्ट सिटी बनाएंगे, अच्छी बात है। लेकिन हमारा कहना है कि स्मार्ट सिटी से पहले देश की राजधानी को सुरक्षित करिए। उन्होंने यह सवाल किया कि इन सबके बावजूद कोई कैसे कह सकता है कि सब कुछ अच्छा है?