कांग्रेस का पूरा ध्यान हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य के साथ धोखाधड़ी करने वाले नीरव मोदी पर है। इसी क्रम में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। गोहिल ने कहा कि जनधन योजना लाकर गीतांजलि ज्वेलर्स के प्रमोटर मेहुल भाई चोकसी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (चौकीदार) की नाक के नीचे लूटा है। उन्होंने बड़ी चिटफंड योजना चलाई और जनधन योजना लाकर देश की जनता को लूट लिया।
कैसे लूटा?
कांग्रेस के मुताबिक गीतांजलि ज्वेलर्स शगुन, स्वर्ण मंगल लाभ, स्वर्ण मंगल कलश योजना लेकर आया। इसके तहत कंपनी ने 12, 24 और 36 महीने की किश्त योजना लेकर आई। लोगों को कुछ राशि का किश्त जमा करने और 12 वीं किश्त कंपनी द्वारा भरने का लालच दिया। इसके बाद उपभोक्ता के गहने आदि खरीदने पर उसे छूट के साथ गहने तथा बोनस देने का प्रस्ताव दिया। हीरे लेने पर और छूट दी। लोगों ने पैसे जमा किए।
नोटरी शपथ पत्र के साथ इस योजना का हिस्सा बने, उन्हें अपना अकाऊंट देखने के लिए स्वैपिंग कार्ड भी दिया गया। लेकिन 2014 के बाद किसी को न तो गहने दिए गए और न ही उनके पैसे लौटाए गए। जबकि भावनगर समेत अन्य स्थानों के लोगों ने इसकी 2015 से ही पुलिस से शिकायत भी की, धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज करने का पुलिस से आग्रह किया लेकिन
मेहुल भाई चोकसी जन का धन लूटकर देश के बाहर भाग गए।
कहां की शिकायत
गोहिल का कहना है कि भावनगर के लोगों ने इसकी शिकायत 7 सितंबर 2015 से ही पुलिस थाना से लेकर डिप्टी एसपी, एसपी, डीआईजी, आईजी, डीजीपी सबसे लिखित में की है। यहां तक कि मेहुल भाई के विदेश भागने के दो दिन पहले भाव नगर के पुलिस इंसपेक्टर ने अपने वरिष्ठ अधिकारी को पत्र लिखकर इसका जिक्र किया है। उसने पत्र में कहा है कि वह इस मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहा है।
बल्कि इसे आग्रसारित कर रहा है और वह इसे अपराध शाखा के पास जांच के लिए भेज दें। गोहिल के अनुसार इस तरह से मेहुल भाई चोकसी और उनकी गीतांजलि फर्म लूटती रही और गुजरात सरकार, केन्द्र सरकार, पुलिस तथा जांच एजेंसियां कान में तेल डालकर सोती रही।