प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ की। जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। इसी क्रम में कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रमेश कुमार द्वारा सोनिया गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले की निंदा करते हुए जुबान फिसल गई। जिसके बाद रमेश कुमार को ट्रोल किया जा रहा है।
रमेश कुमार की फिसली जुबान
रमेश कुमार ने ईडी और केंद्र सरकार की निंदा करते हुए एक विवादास्पद बयान दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया गया कि पार्टी के लोगों ने 'गांधियों के नाम पर पर्याप्त पैसा कमाया' है। रमेश कुमार ने बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बोलते हुए कहा कि सोनिया गांधी कठिन समय का सामना कर रही हैं। उन्होंने अपने पति, सास को खो दिया है, हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए। नेहरू, इंदिरा और सोनिया गांधी के नाम पर, हमने अगली तीन से चार पीढ़ियों तक चलने के लिए पर्याप्त कमाई की है। , अगर हम अब उसके साथ नहीं खड़े हैं, तो हमारे भोजन में कीड़े हो जाएंगे।'
जैसे ही अंदाजा हुआ....
हालांकि जब उन्हें इसका अंदाजा हुआ तो उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा कि मैं अपने शब्दों को वापस नहीं लूंगा। मैं हमेशा सीधे बोलता हूं। गांधी परिवार से हमें बहुत फायदा हुआ है और हमें इस समय सोनिया गांधी के साथ खड़ा होना चाहिए।
भाजपा ने लिया आड़े हाथ
उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला करना शुरू कर दिया है। कर्नाटक भाजपा ने रमेश कुमार पर इस के लिए निशाना साधा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर ने ट्विटर पर ट्वीट किया कि रमेश कुमार नकली गांधी परिवार का कर्ज चुकाने के लिए चिंतित हैं, लेकिन उन लोगों के बारे में परेशान नहीं हैं जिन्होंने उन्हें 60 साल तक सत्ता में रखा।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश हुईं। ईडी ने दो घंटे से ज्यादा समय तक उनसे पूछताथ की। इसे लेकर संसद से सड़क तक विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर हैं। वह सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस ने भी बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया।