सीबीएसई प्रश्न पत्र लीक मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि आप मेरा विश्वास कीजिए, मैं फिर कह रहा हूं यह सिर्फ शुरुआत है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर एक बार फिर बीजेपी को आडे़े हाथों लेते हुए कहा है कि परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों छात्रों की उम्मीदों पर पानी पड़ा है। हजारों छात्रों के परिवार के भविष्य से खेलने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संस्थानों की सुरक्षा करती रही है लेकिन अब सारे संस्थान भाजपा और आरएसएस के हाथों में है और वह संस्थानों को और उसके विश्वास को तोड़ रही है।
इससे पहले सुबह भी राहुल गांधी ने एक के बाद एक 'लीक' के कई मामले सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा था। राहुल गांधी एक के बाद एक ट्वीट कर रहे हैं। फिलहाल सीबीएसई पेपर लीक का मामला गरमाया हुआ है।
आपको बता दें कि सीबीएसई की हाईस्कूल की गणित की परीक्षा बुधवार सुबह हुई और दोपहर में खबर में आई कि परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसी तरह दो दिन पहले 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा देने वाले हजारों बच्चों के माथे पर भी उस वक्त बल पड़ गया जब उन्हें पता चला कि अब उनकी परीक्षा दोबारा होगी।
इससे पहले एसएससी के पेपर भी लीक होने की जानकारी सामने आई थी। डाटा लीक और आधार डाटा लीक होने पर मोदी सरकार लगातार सवालों का सामना कर रही है। कर्नाटक चुनावों की तारीख के ऐलान से पहले बीजेपी नेता अमित मालवीय द्वारा चुनाव की तिथियों की जानकारी देने पर भी केंद्र की मोदी सरकार सवालों के कटघरे में खड़ी हुई थी।