कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले केरल और तमिलनाडु के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। केरल के दौरे के बाद वह मंगलवार को (तिरुवनंतपुरम) त्रिवेंद्रम पहुंचे। यहां उन्होंने जनता को संबोधित किया।
गांधी ने यहां कहा, 'पहले 15 साल के लिए, मैं उत्तर भारत में सांसद रहा। मुझे एक अलग तरह की राजनीति की आदत हो गई थी। मेरे लिए, केरल आना बहुत नया था क्योंकि अचानक मैंने पाया कि लोग मुद्दों में दिलचस्पी रखते हैं और न केवल सतही तौर पर बल्कि मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी करना चाहते हैं।'
राहुल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह सालों में रोजगार पैदा करने वाले क्षेत्र की रीढ़ तोड़ दी गई। किसान और छोटे व्यापरियों को नोटबंदी और जीएसटी से फायदा नहीं हुआ। उन्होंने आगे कहा, 'भारत को रोजगार देने वाले लोग कौन हैं? छोटे व्यवसाय, मध्यम आकार के व्यवसाय, दुकानदार, किसान- यह ऐसे लोग हैं जो इस महान देश को रोजगार देते हैं।'
बता दें, केरल के दौरे के पहले दिन राहुल ने वायनाड में किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर रैली निकाली थी। इस दौरान उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाया और केंद्र सरकार पर जमकर हमलावर रहे।