कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा, 'मोतीलाल वोरा जी उन वरिष्ठतम कांग्रेसी नेताओं में से थे, जिनके पास राजनीतिक करियर में दशकों तक फैला एक बड़ा प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव था।
वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे- राहुल गांधी
वहीं, वोरा के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। हम उन्हें बहुत मिस करेंगे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है।'
कांग्रेस परिवार के लिए एक अभिभावक के चले जाने जैसा है- भूपेश बघेल
वहीं, भूपेश बघेल ने कहा, 'मैंने अपनी राजनीति का ककहरा जिन लोगों से सीखा उनमें बाबूजी एक थे। अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक वे हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक पथ प्रदर्शक थे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'
उनका जाना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए बड़ी क्षति है- रमन सिंह
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी वोरा के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे मोतीलाल वोरा जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनका जाना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए बड़ी क्षति है, वह सदैव छत्तीसगढ़ की आवाज बनकर रहे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ओम शांति। विनम्र श्रद्धांजलि।'
देश ने एक सच्चे कांग्रेसी को खो दिया- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहम सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहम सिंह ने मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, वह सच्चे कांग्रेसी थे। उनके पास गजब का शासकीय और राजनीतिक अनुभव था। डॉ सिंह ने आगे कहा कि वह दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वह उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। देश ने एक सच्चे कांग्रेसी को खो दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि पार्टी को वोरा के मार्गदर्शन और नि:स्वार्थ सेवा की कमी हमेशा महसूस होगी। सोनिया ने शोक संदेश में कहा, 'मोतीलाल वोरा के निधन से जो बड़ा खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना बहुत मुश्किल है। उनका जीवन जनसेवा और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति बेमिसाल प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।' उन्होंने यह भी कहा, 'हम उनके मार्गदर्शन और उनकी नि:स्वार्थ सेवा की कमी हमेशा महसूस करेंगे। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना है।'
वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ में तीन दिनों का राजकीय शोक
मोतीलाल वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ में तीन दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य में 21 दिसंबर से 23 दिसंबर तक तीन दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि राजकीय शोक की अवधि में राज्य में स्थित समस्त शासकीय भवनों और जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं वहां ध्वज आधे झुके रहेंगे। साथ ही शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि वोरा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस संबंध में राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने बताया कि वोरा का शव मंगलवार सुबह दिल्ली से रायपुर लाया जाएगा।
बाद में उनका शव उनके गृह जिले दुर्ग ले जाया जाएगा। दुर्ग में ही वोरा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का 93 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।