कर्नाटक में मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के इस्तीफे की धमकी के एक दिन बाद मंगलवार को ही सरकार में उसकी सहयोगी कांग्रेस बचाव की मुद्रा में आ गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गठबंधन की ‘लक्ष्मण रेखा’ का उल्लंघन नहीं करने को कहा है।
साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं करने की हिदायत दी है। कांग्रेस-जेडीएस के गठबंधन वाली सरकार के सीएम कुमार स्वामी ने एक कांग्रेस विधायक द्वारा विपरीत टिप्पणी किए जाने पर इस्तीफे की धमकी दी थी।
राव ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, कुमारस्वामी गठबंधन सरकार के सीएम हैं, इस मुद्दे को लेकर किसी तरह की बहस नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों में राज्य में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर फरवरी के पहले सप्ताह में विचार-विमर्श होगा।