प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
कांग्रेस के प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में बैठकर यूपी की राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं। सोमवार को प्रभारियों ने सहयोगी सचिवों को बुलाकर पुराने कार्य की प्रगति रिपोर्ट मांगी और उपचुनाव के लिए उम्मीदवार तलाशने का होमवर्क देकर 25 जुलाई को मिलने का निर्देश दिया।
कांग्रेस ने मिशन यूपी-2022 को पूरा करने के लिए जोर शोर से तैयारी शुरू की थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के नतीजों ने जो हकीकत दिखाई है उसके बाद अब तक सांगठनिक ढांचे को खड़ा नहीं किया जा सका है। कार्यकर्ताओं ने जिन खामियों की ओर इशारा किया था पार्टी अब तक उसे दूर नहीं कर सकी है।
सोमवार को प्रभारियों ने अपने-अपने सचिवों के साथ बैठक कर सचिवों को ब्लॉक, जिला और प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर जुझारू, भरोसेमंद नए लोगों को छांटने का काम दिया। प्रदेश में उपचुनाव को देखते हुए सचिवों को जो सीटें लोकसभा चुनाव में बांटी गई थीं, वे उन इलाकों में बैठकें कर लोगों की पहचान कर रहे हैं। ताकि उन्हें संगठन का जिम्मा दिया जा सके।