कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को केंद्रीकृत करने का आरोप लगाया। रांची में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और मनरेगा को लेकर तीखी आलोचना की।
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने रविवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी देश को चलाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को केंद्रीकृत करने की कोशिश कर रही है। यह बात उन्होंने रांची स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी का झंडा फहराने के बाद कही।
क्या बोले के. राजू?
के. राजू ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के इतिहास और मूल्यों को जनता तक पहुंचाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस को इतने भव्य तरीके से मनाने के पीछे का मुख्य मकसद यही है कि लोग कांग्रेस के योगदान और इतिहास के बारे में जागरूक हों।
विज्ञापन
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए मनरेगा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 'वीबी-जी राम जी' योजना लाकर मनरेगा को खत्म करने का फैसला कर लिया है। राजू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतना बड़ा फैसला लेने से पहले केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से सलाह तक नहीं ली।
पार्टी के कार्यकर्ता पूरे राज्य में सक्रिय
इस मौके पर, राजू ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ मिलकर 'झारखंड कांग्रेस संवाद स्थापना दिवस विशेष अंक' नाम की एक बुकलेट लॉन्च किया। राजू ने जानकारी दी कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरे राज्य में सक्रिय हैं। राज्य भर की करीब 4,500 ग्राम पंचायतों में विशेष बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा, करीब 1,100 शहरी स्थानीय निकायों में भी झंडा फहराने का कार्यक्रम रखा गया। इसके साथ ही हर सदस्य के घर पर पार्टी का झंडा फहराया जा रहा है।