गुजरात से राज्यसभा की खाली पड़ी दो सीटों पर चुनाव को लेकर कांग्रेस सतर्क नजर आ रही है। क्रास वोटिंग से बचने के लिए पार्टी अपने विधायकों को इस बार राजस्थान के माउंट आबू भेज दिया है।
अमित शाह और स्मृति ईरानी के लोकसभा में चुने जाने की वजह से गुजरात में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव 5 जुलाई को होने हैं। एक तरफ भाजपा जहां इन दोनों सीटों पर फिर से कब्जा करने की तैयारी में है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इनमें से एक सीट अपने पाले में डालने की जुगत बना रही है।
कांग्रेस ने जारी किया व्हिप
गुजरात कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव से पहले अपने विधायकों को व्हिप जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस में विधायकों के बगावती तेवर को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग हो सकती है। विधायक अल्पेश ठाकोर भी पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। ठाकोर ने कहा कि
मुझे अभी तक व्हिप प्राप्त नहीं हुआ है, मैं जाऊंगा और अगर मुझे व्हिप प्राप्त होता है तो मैं वोट करूँगा।
विधायक का दावा- शिविर में जा रहे माउंट आबू
गुजरात कांग्रेस के विधायक अश्विन कोतवाल ने कहा कि गुजरात कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा सत्र के मिनी-अवकाश के दौरान एक 'शिविर' के लिए अनुरोध किया था। इसलिए हम सभी एक दिन के लिए माउंट आबू जा रहे हैं।
इसस पहले भी गुजरात में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने क्रास वोटिंग से बचने के लिए पार्टी विधायकों को कर्नाटक के रिसोर्ट में भेजा था। इस चुनाव में अहमद पटेल को जीत मिली थी।