कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर वेद प्रकाश (सेवानिवृत्त) का शनिवार को निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नियमित रूप से शामिल होने वाले वेद प्रकाश को कांग्रेस के कट्टर समर्थक के रूप में जाना जाता था।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस वह शामिल हुए थे। उनके बेटे विपुल प्रकाश ने कहा, मेरे पिता शनिवार दोपहर करीब एक बजे कांग्रेस मुख्यालय में अचानक गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, दशकों तक कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेजर वेद प्रकाश के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। एक अनुशासित सैनिक के रूप में देश की सेवा करने के बाद उन्होंने अपना जीवन पूर्व सैनिकों के संगठन के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। खरगे ने कहा कि उन्होंने एआईसीसी में वॉर रूम चलाने और पूर्वोत्तर राज्यों के प्रभारी होने सहित अतीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
प्रियंका गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित और पूर्व सैनिक विभाग के प्रमुख रहे मेजर वेद प्रकाश के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रियंका गांधी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, मेजर वेद प्रकाश ने अपना पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा वेद प्रकाश के निधन से कांग्रेस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।