प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी वाले डिस्कवरी के मशहूर शो ‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ का टीजर सामने के बाद कांग्रेस ने शूटिंग के पूरे ब्योरे को सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने सोमवार को संसद भवन परिसर में कहा, 'पुलवामा हमले के दिन (14 फरवरी) को हमने इस मुद्दे पर कहा था कि हमले के समय प्रधानमंत्री मोदी शूटिंग में व्यस्त थे।'
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही डिस्कवरी चैनल के मशहूर कार्यक्रम 'मैन वर्सेज वाइल्ड' के एक एपिसोड में नजर आएंगे। वह शो के होस्ट बेयर ग्रिल्स के साथ दिखाई देंगे। इस खास एपिसोड को 12 अगस्त को 180 से अधिक देशों में डिस्कवरी नेटवर्क के चैनलों पर प्रसारित किया जाएगा। इस एपिसोड की शूटिंग उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में की गई है।
डिस्कवरी चैनल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम में हलके-फुलके अंदाज में वन्यजीव संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी। इस खास एपिसोड के टीजर को बेयर ग्रिल्स ने सोमवार को ट्विटर पर शेयर किया। 45 सेकेंड के इस टीजर में प्रधानमंत्री मोदी और बेयर ग्रिल्स जंगल में घूमते और रबर की नौका पर बैठे दिखाए देते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले कई हस्तियां इस मशहूर शो का हिस्सा बन चुकी है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी इस शो में नजर आ चुके हैं। ओबाना इस शो के दूसरे सीजन के 15वें विशेष एपिसोड में नजर आए थे। हॉलीवुड अभिनेता जैक एफ्रॉन, अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स, मशहूर टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर जैसी हस्तियां भी इस शो का हिस्सा बन चुकी हैं।