कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी के आईटी प्रमुख अमित मालवीय के बीच छिड़े ट्विटर युद्ध के बाद कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डिलीट कर दिया है।
आपको बता दें कि अमित मालवीय ने आरोप लगाया था कि ऐप के जरिये लोगों से जुड़े डाटा को सिंगापुर में लीक किया जा रहा है। ट्विटर पर अमित ने तंज करते हुए लिखा था कि- हाय मेरा नाम राहुल गांधी है और मैं देश की सबसे पुरानी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं। जब आप हमारे आधिकारिक एप पर साइन अप करते हैं तो मैं आपकी सारी जानकारी सिंगापुर में अपने दोस्तों को दे देता हूं।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार नमो ऐप के माध्यम से लाखों भारतीयों का निजी डाटाबेस बना रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। राहुल ने ट्वीट में लिखा है कि अगर प्रधान मंत्री के रूप में वह भारत के साथ संवाद करने के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग करना चाहता है, तो कोई समस्या नहीं है। लेकिन इसके लिए आधिकारिक PMO ऐप का इस्तेमाल करें।
हालांकि कांग्रेस ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि ऐप बहुत दिनों से बंद था। वहीं राहुल गांधी ने #DeleteNaMoApp की मुहिम के साथ एक और ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नमो एप लोगों की आवाज, वीडियो, दोस्तों और परिवार की जानकारी को छिपकर लीक कर रहा है। राहुल ने कहा कि जीपीएस के जरिये लोगों की लोकेशन को भी ट्रैक किया जा रहा है।
राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह बिग बॉस हैं जोकि भारतीयों की जासूसी करना पसंद करते हैं। अब वह हमारे बच्चों का डाटा चाहते हैं। 13 लाख NCC जवानों पर दबाव बनाया गया कि वो नमो एप को डाउनलोड करें।
कांग्रेस और बीजेपी के ऐप पर मचे घमासान के बीच खबर सामने आ रही है कि बीजेपी ने नमो ऐप की प्राइवेसी पॉलिसी में बदलाव कर दिया है। गुपचुप तरीके से पॉलिसी को बदल दिया गया है।