नए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने दी ये सलाह
वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कुछ अहम सुझाव दिए हैं। ओ ब्रायन ने उम्मीद जताई कि राधाकृष्णन विपक्ष की बात सुनेगें और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करेंगे। डेरेक ने अपने ब्लॉग पोस्ट में लिखा कि नए उपराष्ट्रपति को शुभकामनाएं। उनके सामने जिम्मेदारी है कि राज्यसभा को निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह बनाएं।
ब्रायन ने दी अहम सलाह
ओ ब्रायन ने कहा कि विपक्षी सांसदों को महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए नोटिस देने का अधिकार है, लेकिन पिछले आठ वर्षों में इन नोटिसों की संख्या में भारी गिरावट आई है। उन्होंने राज्यसभा के नियम 267 का जिक्र किया, जिसके तहत किसी जरूरी मुद्दे पर पूरे दिन का काम स्थगित कर चर्चा की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले आठ वर्षों में एक भी चर्चा इस नियम के तहत नहीं हुई।
सांसदों के निलंबन और विरोध प्रदर्शन पर चिंता
इसके साथ ही टीएमसी सांसद ने दिसंबर 2023 में 146 सांसदों के निलंबन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के 10 वर्षों में केवल 50 सांसद ही निलंबित हुए थे। इसके अलावा, उन्होंने संसद टीवी पर सरकार का पक्ष दिखाए जाने और विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शनों को सेंसर करने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कैमरों में केवल सत्ता पक्ष दिखता है, क्या यह न्यायसंगत है?
विधेयकों पर कम चर्चा, समिति में भेजने की मांग
डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि अब बहुत कम विधेयक संसदीय समितियों को भेजे जाते हैं, जिससे कानूनों की गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि समितियों में विशेषज्ञों से राय लेकर बिलों को और बेहतर बनाया जा सकता है।