फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'एक से दूसरे थाने लगवाए चक्कर': कांग्रेस का दावा, सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत दर्ज करने से किया इनकार

Sun, 10 Nov 2024 10:57 AM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

सार

कटक-बाराबती से कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए एक थाने से दूसरे थाने का चक्कर कटवाने के लिए पुलिस की भूमिका की जांच करने की मांग की है। उ
विज्ञापन
कटक-बाराबती से कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस - फोटो : इंस्टाग्राम/sofiafirdous1
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस ने ओडिशा के कटक में तीन पुलिस थानों पर बड़ा आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 19 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसकी शिकायत दर्ज करने से तीन थानों ने इनकार कर दिया। 

विज्ञापन


एक से दूसरे थाने में लगवाए चक्कर
कटक-बाराबती से कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए एक थाने से दूसरे थाने का चक्कर कटवाने के लिए पुलिस की भूमिका की जांच करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि पीड़िता पहले पुरी घाट थाना गई, फिर सदर थाना और बाद में बारंग थाने गई तथा आखिरकार बादामबाड़ी थाने में उसकी प्राथमिकी दर्ज की गई।

छह लोगों को किया गया गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि छात्रा से कई बार सामूहिक दुष्कर्म करने तथा इस कृत्य का वीडियो बनाने को लेकर पीड़िता के प्रेमी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


क्या है मामला?
पीड़िता ने बताया कि वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए दशहरा पर्व के दौरान अपने प्रेमी के साथ पुरी घाट थाना इलाके में एक कैफे में गई थी। प्रेमी ने वहां कथित तौर पर कैफे मालिक की मदद से अपने फोन में उसके कुछ निजी पलों का वीडियो बना लिया। वहीं, पुलिस ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि उस वीडियो के सहारे प्रेमी तथा उसके दोस्तों ने लड़की को ब्लैकमेल किया और कई बार उससे दुष्कर्म किया। इस संबंध में शिकायत चार नवंबर को दर्ज की गई और आरोपियों को अगले दो दिन में गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस महानिदेशक को सौंपा ज्ञापन
फिरदौस ने इस घटना को लेकर शनिवार को पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस विधायक ने पत्रकारों से कहा, ‘जब पीड़िता आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने गई तो कटक में तीन थानों ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। मैंने पुलिस महानिदेशक से यह जांच करने का अनुरोध किया है कि प्राथमिकी दर्ज क्यों नहीं की गई।’

'प्राथमिकी दर्ज करने में देरी चिंताजनक'
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने में देरी चिंताजनक है और यह कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जवाबदेही के बारे में गंभीर चिंता पैदा करती है खासतौर से जब महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बात हो। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़िता से अभी संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले कटक में इस तरह की घटनाएं पहले कभी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर अब इस शहर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो यह चिंता की बात है।’

आरोपों की जांच की जाएगी: उपायुक्त
कटक के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीना ने कहा कि विधायक द्वारा लगाए आरोपों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘हमें मामला दर्ज न करने के आरोपों के बारे में सबसे पहले विधायक से पता चला है। पुलिस निश्चित तौर पर मामले की जांच करेगी। हालांकि, न तो पीड़िता और न ही उसके परिवार के किसी सदस्य ने ऐसा आरोप लगाया है। पीड़िता सुरक्षित है।’
कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने शुक्रवार को कहा था कि राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और ओडिशा को 2026 तक ऐसे अपराधों से मुक्त बनाने के प्रयास जारी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें