Delhi Assembly Election 2025: कांग्रेस की सूची में सबसे बड़ा बदलाव कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को सीमापुरी की सुरक्षित सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। पूर्व में वे पटेल नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। वे एक बार विधायक भी चुने जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव में भी एक बार उन्होंने किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी।
Delhi Assembly Election 2025 Congress List: केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें राजेश लिलोठिया, असीम अहमद खान, गुरचरण सिंह राजू के साथ-साथ जितेंद्र कुमार कोचर और अन्य लोगों को टिकट दिया गया है। इनमें कई ऐसे भरोसेमंद चेहरे हैं जो कांग्रेस को जीत दिला सकते हैं। दो दिन पूर्व कांग्रेस में शामिल होने वाले असीम अहमद खान को पार्टी ने मटियामहल से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। शकूर बस्ती से सतीश लूथरा को टिकट दिया गया है।
विज्ञापन
दूसरी सूची में सबसे बड़ा बदलाव कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को सीमापुरी की सुरक्षित सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। पूर्व में वे पटेल नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। वे एक बार विधायक भी चुने जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव में भी एक बार उन्होंने किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। राहुल गांधी के भरोसेमंद चेहरों में शामिल लिलोठिया को पार्टी ने इस बार सीमापुरी से मौका दिया है। सीमापुरी सुरक्षित सीट है। इस सीट पर अनुसूचित जाति के मतदाताओं की बड़ी संख्या रहती है। इसके अलावा मुस्लिम समुदाय के भारी संख्या में लोग भी सीमापुरी इलाके में रहते हैं। जिस तरीके से कांग्रेस अंबेडकर के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है, राजेश लिलोठिया कांग्रेस के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।
मुकेश शर्मा पार्टी के काफी वफादार और पुराने नेताओं में गिने जाते हैं। वे उत्तम नगर से लगातार अपने लिए दावेदारी कर रहे थे। दो दिन पूर्व ही उत्तम नगर की महापंचायत में उन्हें वहां से उम्मीदवार बनाए जाने की लिए अनुरोध किया गया था। पार्टी ने मुकेश शर्मा पर एक बार फिर से भरोसा जताया है। बदले हुए माहौल में वे कांग्रेस के लिए एक उम्मीद की किरण नजर आते हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा मटियाला से राघविन्दर शौकीन, बिजवासन से देवेन्द्र सहरावत, मालवीय नगर से जितेन्द्र कुमार कोचर को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। कृष्णा नगर से गुरचरण सिंह राजू को कांग्रेस पार्टी ने मौका दिया है। सिख समुदाय की प्रभावी चेहरे होने के कारण गुरचरण सिंह राजू यहां पर कांग्रेस के लिए एक मजबूत उम्मीदवार साबित हो सकते हैं। बाबरपुर विधानसभा सीट से हाजी मोहम्मद इशराक खान भी कांग्रेस की जिताऊ चेहरे में गिने जा सकते हैं।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद इस बात की चर्चा खूब जोर-जोर से चल रही थी कि पार्टी अलका लांबा को आतिशी मारलेना के सामने मैदान में उतर सकती है, लेकिन फिलहाल इस सूची से उनका नाम गायब है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा था कि पार्टी कुछ सीटों के बारे में अभी और अधिक विचार विमर्श करना चाहती है। उसके बाद ही उन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि अगली सूची में पार्टी कुछ बड़े चेहरों को मैदान में उतरकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के सामने मुश्किलें खड़ी कर सकती है। पिछली सूची में 21 नाम की घोषणा की गई थी, जबकि आज की सूची में 26 लोगों को उम्मीदवार घोषित किया गया है।