कांग्रेस के प्रमुख संगठन सेवा दल की किताब में वीर सावरकर पर किए दावे पर सियासी संग्राम छिड़ गया है। महाराष्ट्र में सहयोगी शिवसेना और भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। शिवसेना ने कहा कि सावरकर पर सवाल उठाना दिखाता है कि कांग्रेस के दिमाग में ‘गंदगी’ भरी है। वहीं, भाजपा ने सेवा दल की हिंदुत्व विचारधारा पर टिप्पणी को अपमानजनक करार देते हुए माफी मांगने की मांग की है।
महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल कांग्रेस को मराठी लोगों और सभी राष्ट्रभक्तों को जवाब देना होगा कि वीर सावरकर के बलिदानों का अपमान कब तक जारी रहेगा। कांग्रेस वीर सावरकर के अपमान को जन्मसिद्ध अधिकार क्यों मानती है।
कांग्रेस ने फिर विकृत मानसिकता का परिचय दिया है। हिंदू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे इस किताब पर कट्टर शैली में प्रतिक्रिया देते, लेकिन आज ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे किताब पर तत्काल प्रतिबंध लगाएं।
इस बीच, कांग्रेस सेवा दल के प्रमुख लालजी देसाई ने कहा, संगठन की राय जो पहले थी, वही अब भी है। दुनिया जानती है कि सावरकर ने अंग्रेजों से 11 बार माफी मांगी। इस बात को लेकर हमें दिक्कत है। हमने एक साल पहले राष्ट्रीय अधिवेशन में यह किताब निकाली थी। हमने ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ में जो लिखा है, उसी का हवाला दिया।
कांग्रेस सेवादल की ओर से ‘वीर सावरकर कितने वीर’ पत्रिका भोपाल में अभ्यास शिविर के दौरान बांटी गई थी। इसमें दावा किया गया कि सावरकर के महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे से संबंध थे।