डीएमके के परिसीमन बिल का समर्थन करने के फैसले से कांग्रेस की विपक्षी एकजुटता की कोशिशों को झटका लगा है। एमके स्टालिन ने कहा कि बिल गिरने पर तमिलनाडु को मिलने वाली न्यूनतम सुरक्षा भी खत्म हो जाएगी और विपक्षी दलों ने कोई दूसरा विकल्प नहीं दिया है। आइए, विस्तार से जानते हैं कि स्टालिन ने और क्या कुछ कहा...
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की डीएमके को परिसीमन बिल के विरोध में साथ लाने की कोशिश नाकाम रही। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने स्टालिन से मुलाकात कर उन्हें अपना रुख बदलने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन डीएमके अपने फैसले पर कायम रही। स्टालिन ने कहा कि बिल का समर्थन करने के अलावा उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
विज्ञापन
29 नवंबर को चेन्नई में स्टालिन के आवास पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के नेताओं की करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बैठक हुई। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए। बैठक के बाद राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। राहुल ने कहा कि उन्होंने स्टालिन से अनुरोध किया है कि भाजपा की कथित योजना को सफल न होने दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिये निर्वाचन क्षेत्रों को अपने हिसाब से बदलना चाहती है। हालांकि, इस बातचीत के बाद भी डीएमके ने परिसीमन बिल पर अपना रुख नहीं बदला।
स्टालिन ने समर्थन के पीछे क्या वजह बताई?
स्टालिन ने कहा कि अगर परिसीमन बिल संसद में गिर जाता है तो तमिलनाडु को मिलने वाली न्यूनतम सुरक्षा भी खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि डीएमके ने अपने सांसदों की बैठक में इस मुद्दे पर फैसला लिया था और यही बात कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को भी बता दी गई है। स्टालिन ने आगे कहा कि तमिलनाडु के हितों को देखते हुए इस मामले में जोखिम उठाने या भावनाओं में आकर फैसला लेने की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले दलों ने परिसीमन के मुद्दे पर कोई दूसरा विकल्प नहीं दिया है। इसलिए उनकी पार्टी के पास मौजूदा बिल का समर्थन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।
विज्ञापन
तमिलनाडु को किस बात का डर सता रहा है?
डीएमके की चिंता तमिलनाडु में लोकसभा सीटों के प्रतिनिधित्व को लेकर है। स्टालिन ने कहा कि अगर आबादी के आधार पर परिसीमन किया गया तो राज्य का संसदीय प्रतिनिधित्व कम होने का खतरा है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन के दौरान तमिलनाडु के हितों की रक्षा होनी चाहिए। इसी वजह से डीएमके ने अपने रुख को भावनात्मक नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य से जुड़ा फैसला बताया है। पार्टी ने साफ किया है कि वह उचित परिसीमन के पक्ष में है और तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेगी।
संसद के सत्र में क्या होने वाला है?
संसद का सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण प्रस्ताव को संविधान संशोधन के जरिये आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी। प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की बात है। इसके साथ संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की योजना है। सरकार की कोशिश है कि यह व्यवस्था 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो सके। इससे पहले अप्रैल में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण गिर गया था।