कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 37वां दिन है। दिन की शुरुआत होते ही कर्नाटक के रामपुरा से यह यात्रा शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कई पार्टी कार्यकर्ता व लोगों को हुजूम दिखाई दिया। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर भारत जोड़ो यात्रा का एक वीडियो भी ट्वीट किया है। इसमें लिखा गया है कि ताकत तिरंगे से मिल रही है... "इसलिए हर दिन आसान लग रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के एक और दिन ने दस्तक दी है।"
महंगाई-बेरोजगारी पर सवालों के जवाब देने होंगे: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जानना चाहा कि महंगाई और बेरोजगारी क्यों चरम पर है? राहुल ने कहा कि सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा। महंगाई 35 साल के उच्च स्तर पर क्यों है? 45 साल के उच्च स्तर पर बेरोजगारी क्यों है? 'पराठा' पर 18% जीएसटी क्यों लगाया जा रहा है? कृषि ट्रैक्टरों पर 12% जीएसटी क्यों लगाया जा रहा है?
राहुल गांधी ने ट्विटर पर कहा कि भारत जोड़ी यात्रा आपसे ये और भी बहुत कुछ पूछती रहेगी, प्रधानमंत्री। आपको जवाब देना होगा। भ्रष्टाचार, मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उजागर करने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक की जा रही भारत जोड़ी यात्रा के हिस्से के रूप में कांग्रेस नेता वर्तमान में कर्नाटक में हैं।
आंध्र प्रदेश में प्रवेश करेगी यात्रा
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक के बाद यह यात्रा आज आंध्र प्रदेश में प्रवेश करेगी। यहां के अनंतपुर के ओबालापुरम में राहुल गांधी समेत अन्य कार्यकर्ता कुछ समय के लिए रुकेंगे। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा टीम की ओर से एक ट्वीट किया गया जिसमें लिखा गया, एक और उल्लेखनीय दिन। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक- जहां भी भारत जोड़ो यात्रा जाती है, प्यार हमारा पीछा करता है।
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, राहुल गांधी आंध्र प्रदेश में जजिरकल्लू टोल प्लाजा से प्रवेश करेंगे, जहां वह शाम 4.30 बजे तक रुकेंगे और फिर आगे बढ़ेंगे। हालांकि, वह शाम को वापस कर्नाटक लौट आएंगे। बता दें, भारत जोड़ो यात्रा ने 30 सितंबर को कर्नाटक में प्रवेश किया और 21 दिनों में 511 किमी दूरी तय करेगी।