पुलवामा हमले को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला और आरोप लगाया कि सत्ता बचाने के लिए वह जवानों की शहादत और राजधर्म भूल गए।
सुरजेवाला ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के प्रति मोदी सरकार न तो कोई राजनीतिक जवाब दे रही है और न ही अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलवामा हमले से देश सदमे में था, पर मोदीजी कार्बेट पार्क में डिस्कवरी चैनल के लिए अपनी फ़िल्में बनवा रहे थे, चाय नाश्ता कर रहे थे।
विज्ञापन
उन्होंने अखबार की कटिंग और तस्वीरें दिखाते हुए आरोप लगाया कि हमले के बाद भी प्रधानमंत्री की सभाएं नहीं रुकीं, चुनाव प्रचार नहीं रुका। उन्होंने कहा कि जिस देश का प्रधानमंत्री जवानों की शहादत के समय नौका विहार फिल्म शूटिंग करे, अपने जयकारे लगवाए, चाय-नाश्ता करे, उस प्रधानमंत्री के बारे में क्या कहा जा सकता है।
उन्होंने भाजपा के मंत्री व कार्यकर्ताओं पर भी आरोप लगाया। साक्षी महाराज की एक तस्वीर दिखाते हुए उन्होंने कहा कि जब शहीदों का जनाजा उठ रहा था, उस दौरान भी सांसद साक्षी महाराज हंस रहे थे।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि दुर्भाग्यवश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सत्ता की लालसा देश की सेना और शहीदों के सम्मान से बड़ी है। मोदी जी राजधर्म भूलकर केवल राज बचाने की जुगत में लगे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार सत्ता की भूख में इंसानियत और शहादत को पीछे छोड़ आई है।
उन्होंने यह भी कहा कि हम देश को याद दिलाना चाहेंगे कि जब मुंबई 26/11 का आतंकी हमला चल रहा था, तब नरेन्द्र मोदी मुंबई में आतंकी हमले के स्थान के समीप ही तत्कालीन सरकार की आलोचना करने वाली एक प्रेस वार्ता कर रहे थे।