MNREGA: कांग्रेस ने बुधवार को एक बार फिर केंद्र सरकार पर ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम’ को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मनरेगा लाखों लोगों के लिए जीवनरेखा साबित हुई थी, सरकार ने उसे खत्म करके जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस के नवगठित प्रकोष्ठ रचनात्मक कांग्रेस के प्रमुख संदीप दीक्षित ने कहा कि उनकी पार्टी अब सरकार के इस कदम के खिलाफ अपना अभियान और तेज करेगी। इस मुद्दे पर कांग्रेस एक संवाद का आयोजन कर रही है, जिसमें श्रमिक अपने काम के स्थान से एक मुट्ठी मिट्टी लाएंगे।
करोड़ों लोगों के लिए जीवनरेखा थी मनरेगा
कांग्रेस की रचनात्मक इकाई के चेयरपर्सन संदीप दीक्षित ने कहा कि बीजेपी ने MGNREGA को ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम’ से बदल दिया, जिसका कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है और कई राज्यों और जिलों में 'MGNREGA बचाओ संग्राम' चल रहा है।
दीक्षित ने प्रेस वार्ता में बताया कि कोविड काल में MGNREGA योजना करोड़ों लोगों के लिए जीवनरेखा बन गई थी। इस योजना ने लोगों के दिलों में अपनी जगह बना ली थी। हमने उन संगठनों से चर्चा की है, जो किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए लंबे समय से काम कर रहे हैं।
MGNREGA पर होगा संवाद
देशभर से मजदूर गुरुवार को MGNREGA पर संवाद के लिए आ रहे हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने अपने गांवों में सड़कों, स्कूलों, पंचायत भवनों, तालाबों और जल संरक्षण योजनाओं का निर्माण किया है। दीक्षित का कहना है कि इन लोगों ने MGNREGA के सहयोग से देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: VB-G RAM-G: राहुल गांधी का मनरेगा को लेकर सरकार पर निशाना, गरीबों को भूखा रखना चाहते हैं पीएम मोदी
विकास की राह में रोड़ा बन रही मोदी सरकार
पंचायतों ने खुद अपने विकास और समृद्धि के लिए निर्णय लिए और काम किया, लेकिन अब मोदी सरकार इस पूरी प्रक्रिया को ध्वस्त कर रही है। गुरुवार सुबह दिल्ली के जवाहर भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें MGNREGA से जुड़े लोग देश के हर कोने से आ रहे हैं।
दीक्षित ने कहा, 'ये लोग अपने संघर्ष की कहानी और आगे की रणनीति हमारे साथ साझा करेंगे। इस कार्यक्रम में आने वाले लोग अपने MGNREGA कार्यस्थल से एक मुट्ठी मिट्टी लाएंगे। इसके बाद, इन सभी मिट्टियों को एकत्र कर संघर्ष का एक सामूहिक संदेश दिया जाएगा।'