आरजेडी नेताओं ने की राज्यपाल से मुलाकात
कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा राज्य की सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का न्यौता दिए जाने के बाद गोवा और मणिपुर में कांग्रेस पार्टी और बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने झंडा बुलंद कर दिया है। इन राज्यों में विपक्ष की मांग है कि जिस तरह कर्नाटक में जिस मॉडल के तहत राज्यपाल ने बीजेपी को सरकार बनाने का मौका दिया है ठीक उसी आधार पर गोवा, मणिपुर, मेघालय और बिहार में भी राज्यपाल को उन पार्टी को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए जो राज्य में बड़ी पार्टी बनकर उभरी लेकिन जोड़-तोड़ की राजनीति में फिसड्डी रहीं और सरकार बनाने में चूक गईं।
कर्नाटक में चल रहे सियासी दंगल के बाद आज गोवा में 13 विधायक राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा वहीं दूसरी ओर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी के विधायक, कांग्रेस और सीपीआई के विधायकों के साथ मिलकर राज्यपाल को पत्र सौंपा। पांचों राज्यों में विपक्ष की सीटें सबसे ज्यादा हैं, लेकिन सरकारें भाजपा-एनडीए की हैं।
कर्नाटक में चल रहे सियासी दंगल का असर अब पूरे देश में दिखने लगा है। भारतीय जनता पार्टी को घेरने के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि राज्यपाल ने जिस मॉडल के तहत कर्नाटक में बीजेपी को सरकार बनाने का मौका दिया है, ठीक उसी मॉडल के आधार पर गोवा, मणिपुर और मेघालय के राज्यपाल को भी वहां की सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का मौका दिया जाना चाहिए।
बता दें कि गोवा, मणिपुर और मेघालय में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है। गोवा कांग्रेस के 13 विधायक आज राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने फैसला किया है कि वह अब राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। पिछले साल हुए विधान सभा चुनाव में गोवा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस अब इसे चार राज्यों में एक बड़ी मुहिम में बदलने की तैयारी में जुट गई है।
वहीं दूसरी तरफ तेजस्वी बिहार में सरकार बनाने का दावा लेकर गर्वनर से मिले। उन्होंने राज्यपाल से हुई मुलाकात के बाद कहा कि हम राज्यपाल को अपनी बहुमत साबित करेंगे। तेजस्वी ने कहा कि हम सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे वहीं उन्होंने कहा कि हमें कई पार्टियां और विधायक मदद करने को तैयार हैं। गर्वनर से मिलने के बाद तेजस्वी ने कहा कि अगर हमें सरकार बनाने का मौका मिलता है तो हम आसानी से फ्लोर टेस्ट में सफल हो जाएंगे। "हमारे पास 111 विधायक हैं वहीं जनता दल यूनाइटेड के भी कुछ विधायक भी हमारे साथ संपर्क में हैं। हमारे साथ जो भी विधायक हैं वह नीतीश कुमार की तरह यू-टर्न नहीं लेंगे सभी विश्वासी हैं।'