फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस का आरोप: 'प्रदर्शनकारियों को झूठे केस में फंसाने की धमकी', मुंबई पुलिस का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

Thu, 23 Jul 2026 01:02 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी डिजिटल ब्यूरो,अमर उजाला, मुंबई

सार

मुंबई में वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिसकर्मियों ने झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी दी। कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। मामले पर मुंबई पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। 

विज्ञापन
मुंबई में कांग्रेस का प्रदर्शन - फोटो : मुंबई कांग्रेस
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मुंबई कांग्रेस ने इस वीडियो को साझा करते हुए आरोप लगाया है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को मुंबई पुलिस के कुछ कर्मियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा प्रदर्शन में शामिल हुए तो उन्हें ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा और उनकी पूरी जिंदगी जेल में बीत जाएगी।
विज्ञापन

 
विज्ञापन

कांग्रेस ने प्रशासन से पूछे सवाल
वीडियो के आधार पर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि अगर वीडियो में सुनाई दे रही बातें सही हैं, तो यह केवल छात्रों को डराने-धमकाने का मामला नहीं, बल्कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। कांग्रेस ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना और विरोध दर्ज कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। ऐसे में छात्रों के सवालों का जवाब धमकियों से नहीं, बल्कि जवाबदेही और संवाद से दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों से निष्पक्ष और संवैधानिक आचरण की अपेक्षा की जाती है।

मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद मुंबई पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने बताया कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों की पुष्टि के बाद कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी अकबर पठान ने कहा कि वीडियो में जो ड्राइवर ड्रग्स वाली बात बोल रहा है, उसे उसकी वर्तमान पोस्टिंग से हटा दिया गया है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा? 
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बयान में कहा, 'आरोप लगाए जा रहे हैं कि पुलिस आंदोलन में भाग लेने पर 50 ग्राम ड्रग्स आपकी जेब में डालकर आपको जेल में डाल देगी जैसी धमकियां दे रही है। छात्रों की आवाज को दबाने के लिए इस तरह का दमनकारी कदम लोकतंत्र पर एक कलंक है।'

इसके साथ ही  कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि पुलिस छात्रों को झूठे मादक पदार्थों के मामलों में फंसाकर धमका रही है।  दावा कर रही है कि उन पर ड्रग्स प्लांट किए जाएंगे।
विज्ञापन


कांग्रेस ने क्या मांग की? 
इसे खाकी वर्दी में गुंडागर्दी बताते हुए उन्होंने दावा किया कि ऐसा आचरण ब्रिटिश शासन के दौरान देखे गए आचरण से भी बदतर था। इसके साथ ही मांग की कि अगर असल में ऐसी धमकियां दी जा रही थीं तो पुलिस को ड्रग्स कहां से मिल रही थी, इसकी जांच की जाए।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें