बाबरी केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद नेता लालू प्रसाद ने कहा कि 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में सीबीआई है और कोर्ट में सीबीआई कह रही है कि बीजेपी नेताओं के खिलाफ बाबरी केस में आपराधिक साजिश का केस चलना चाहिए। मार्केट में आडवाणी का नाम राष्ट्रपति पद के लिए चल रहा था। मोदी ने आडवाणी का नार काट दिया है। हम लोग हमेशा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ेंगे। भाईचारे और सद्भाव को बनाए रखने के लिए लड़ेंगे।
कांग्रेस ने किया स्वागत
बाबरी विध्वंस मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। कांग्रेस ने जहां इस फैसले का स्वागत किया है।
चार्जशीट वापस ले केंद्र सरकारः शिवसेना
वहीं शिवसेना ने कहा है कि सरकार को चार्जशीट वापस लेनी चाहिए। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता आडवाणी, जोशी, कल्याण सिंह सहित भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के 13 नेताओं पर आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा चलाने के आदेश दिए हैं।
फैसले में देरी, लेकिन संतोषजनकः मनीष तिवारी
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है। कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि पार्टी इस फैसले का स्वागत करती है, हालांकि इसमें देरी हुई है, लेकिन फिर भी यह संतोषजनक है। वहीं कपिल सिब्बल ने उमा भारती का इस्तीफा मांगा है।
अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत नहींः कैलाश विजयवर्गीय
बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय कहा, 'हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमें अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है।' वहीं, शिवसेना के संजय राउत ने कहा कि सरकार को चार्जशीट वापस लेनी चाहिए, आप ऐसा कैसे कर सकते हैं और फिर राम मंदिर के निर्माण की बात करते हैं।
भाजपा अपने नेताओं को बचाने में नाकामयाब रही: प्रमोद तिवारी
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बीजेपी द्वारा अपने नेताओं को बचाने के लिए किए प्रयासों पर जीत बताया है। उन्होंने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करता हूं। भाजपा ने अपने नेताओं को बचाने की कोशिश की लेकिन नाकामयाब रही।
हमें टिप्पणी करने से पहले आदेश का अध्ययन करना होगा: जीवीएल नरसिम्हा राव
इस दौरान भाजपा के प्रवाक्त जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि टिप्पणी करने से पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश की तफसील में जाने के लिए समय की जरूरत है। राव ने कहा, 'हमें टिप्पणी करने से पहले आदेश का अध्ययन करना होगा।'