मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र के नूरनगर में ईद की रात स्टंटबाजी को लेकर सांप्रदायिक टकराव हो गया। बाइक से स्टंट कर रहे दूसरे समुदाय के युवकों ने हुड़दंग मचाते हुए हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली एक युवक को जा लगी। घटना के बाद दोनों समुदायों के लोगों में पथराव के अलावा जमकर हवाई फायरिंग हुई। भीड़ ने एक टेंपो और बाइक में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने की कोशिश की।
नूरनगर निवासी गुड्डू पुत्र सुभाष एक फैक्ट्री में टेप बनाने का काम करता है। बृहस्पतिवार रात वह अपने चाचा सुंदर पाल की दुकान पर गया था। सड़क के पार लिसाड़ीगेट क्षेत्र की मदीना कॉलोनी है। इस दौरान मदीना कॉलोनी निवासी चार युवक लाल पल्सर बाइक और एक्टिवा पर स्टंट करते हुए वहां आये।
युवकों ने वहां हुड़दंग मचाते हुए हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली गुड्डू के बाजू में जा लगी। जिसके बाद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा किया तो उन्होंने लिसाड़ी गांव निवासी बाइक सवार राजू को भी साइड मार दी।