लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए प. बंगाल पहुंचे फायर ब्रांड नेता व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर जनता में उत्साह है। योगी का मानना है कि अन्य राज्यों के साथ पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के पक्ष में जमकर वोटिंग होगी। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल व ओडिशा जैसे राज्यों में उत्साहजनक नतीजे आएंगे, जो सभी को चौंकाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके कामों को सराहा जा रहा है। योगी ने कहा कि राहुल प्रधानमंत्री के प्रति वे जिस तरह की टिप्पणियां करते हैं, इसके लिए उन्हें बार-बार माफी मांगनी पड़ेगी। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 74 प्लस सीटें हासिल करेगी और देश में एनडीए को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी। विशेष विमान में सोमवार को मुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर बेबाक अंदाज में जवाब दिए।
बजरंगबली पर आस्था व्यक्त करने से कोई नहीं रोक सकता
मुख्यमंत्री योगी ने अली और बजरंगबली जैसे बयानों पर आयोग की कार्रवाई को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, आयोग को किसी के लिए पार्टी नहीं बनना चाहिए। मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा। आयोग को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो जाति व धर्म के नाम पर वोट बटोरने की राजनीति कर रहे हैं और लोगों को बांट रहे हैं। बजरंगबली पर हमारा अटूट विश्वास और आस्था है, जिसे व्यक्त करने से हमें कोई नहीं रोक सकता। यह हमारी सनातन परंपरा है। संभल में भी मैंने जो कुछ बोला उसमें भी कुछ गलत नहीं था। वहां के उम्मीदवार मेरे साथ संसद में रहे हैं। उन्होंने संसद में वंदेमातरम गाने से इंकार किया था। अगले दिन संसद में मिले तो मैंने पूछा, ‘आपने ऐसा क्यों किया। आखिर आपके पूर्वज कौन थे। इस पर उन्होंने खुद को बाबर का वंशज बताया। इसलिए मैंने कोई गलत बात नहीं कही। हमारी आपस की बातचीत में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
बार-बार माफी मांगनी पड़ेगी राहुल को
राफेल मुद्दे पर योगी ने कहा कि राहुल प्रधानमंत्री के प्रति वे जिस तरह की टिप्पणियां करते हैं, इसके लिए उन्हें बार-बार माफी मांगनी पड़ेगी। चूंकि उन्होेंने राफेल मामले में शीर्ष अदालत से माफी मांगी है, इसलिए वही उनके इस कृत्य के बारे में फैसला करेगी। अमेठी में राहुल का पर्चा वैध घोषित होने पर योगी ने कहा, निर्वाचन आयोग ने अपनी गाइड लाइन के अनुसार फैसला किया है। पर, लोगों में यह सवाल अभी बना हुआ है कि उन्होंने क्या कुछ छिपाया? इस मामले में हाल ही हाईकोर्ट ने भी आदेश दिया है।
पाक व आतंकियों के खिलाफ मोदी ने दिखाई इच्छाशक्ति
सेना पर राजनीति के मामले में योगी ने कहा, यह हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं है। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद सेना ने पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ जो किया, उस शौर्य पर सभी को गर्व करना चाहिए। सेना के पास पराक्रम पहले से ही है, लेकिन पहले राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी। मोदी सरकार ने दिखाया है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति क्या होती है।
प्रियंका कहीं से लड़ें, कोई असर नहीं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पीएम नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने की चर्चा और उनके प्रचार अभियान पर योगी ने कहा, वे कहीं से लड़ें इससे भाजपा को कोई नुकसान नहीं होने वाला। प्रियंका ने 2014 के लोकसभा व 2017 के विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाई थी, लेकिन नतीजे सबके सामने हैं। परिणाम भाजपा के ही पक्ष में रहे।