चुनावी राज्य कर्नाटक में
कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ‘आम आदमी’ के रूप में वोटरों को लुभा रहे हैं। आमतौर पर एसपीजी सुरक्षा घेरे में रहने वाले राहुल बंगलूरू की सड़कों पर कुल्फी खाते, मेट्रो में सफर करते और शहर की मशहूर बुक स्टोर पर भी नजर आ रहे हैं। राज्य में 12 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए राहुल छठी बार कर्नाटक पहुंचे हैं। इस बार राहुल गांधी जहां मेट्रो के सफर में आमलोगों से घुल मिलकर बातें कर रहे हैं वहीं आम आदमी भी अपने बीच में वीवीआईपी लोगों के ग्रुप को देखकर रोमांचित हो रहा है।
पार्टी के सूत्र ने बताया कि राहुल गांधी ने मेट्रो ट्रेन में विधाना सुधा स्टेशन से राज्य सचिवालय तक की यात्रा की। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेशाध्यक्ष जी. परमेश्वरा भी मौजूद थे। मेट्रो से उतरने के बाद राहुल एमजी रोड से होते हुए मशहूर चर्च स्ट्रीट भी गए। इसके बाद वह शहर प्रतिष्ठित किताब की दुकान ‘बुक वॉर्म’ भी पहुंचे। दोपहर में महिला सशक्तीकरण पर एक सम्मेलन को संबोधित किया। यहां पिछले साल 5 सितंबर को मारी गई महिला पत्रकार गौरी लंकेश की बहन कविता लंकेश ने राहुल एक किताब उपहार में दी।
सीएम ने राहुल के लिए खरीदी छह किताबें
सूत्रों ने बताया कि सीएम सिद्धारमैया ने राहुल गांधी के लिए छह किताबें खरीदी। इनमें कैरेन आर्मस्ट्रॉन्ग की ‘ए हिस्ट्री ऑफ गॉड’, टीएन हैन की ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ और पी. मुरुगन की ‘द गॉट थीफ’ शामिल थी। कांग्रेस अध्यक्ष यहां के लोकप्रिय फूड जॉइंट कोशी भी गए। यहां रेस्टोरेंट के मालिक ने उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और इंदिरा गांधी की खाना खाते तस्वीर दिखाई।