CM Shubhendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में नीट में शानदार प्रदर्शन करने वाले 100 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छात्रों से राज्य में रहकर लोगों की सेवा करने की अपील की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, नए मेडिकल कॉलेज खोलने और आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने का भी ऐलान किया। सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर और क्या बड़े वादे किए?
पश्चिम बंगाल में नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 विद्यार्थियों को मंगलवार को नवान्न में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छात्रों को भविष्य का चिकित्सक बताते हुए उनसे राज्य में रहकर लोगों की सेवा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि डॉक्टरों के लिए ऐसा स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया जाए, जिससे प्रतिभाशाली चिकित्सकों को दूसरे राज्यों या विदेश जाने की जरूरत न पड़े और वे पश्चिम बंगाल में ही लोगों का इलाज करें।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि डॉक्टरों को बेहतर सुविधाएं और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि गांवों तक भी अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने छात्रों की सफलता को दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि भविष्य के डॉक्टरों को समाज की जरूरतों को समझते हुए सेवा की भावना से काम करना चाहिए।
क्या राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे?
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए राज्य में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, पश्चिम बर्धमान और दक्षिण दिनाजपुर में चार नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में कल्याणी की तर्ज पर एम्स जैसी चिकित्सा सुविधा विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
सरकार स्वास्थ्य ढांचे को कैसे मजबूत करेगी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ निजी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि न्यूटाउन में अडाणी समूह की ओर से 2,000 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाया जा रहा है। इसमें 1,000 बिस्तर जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एसएसकेएम अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
अस्पतालों में कौन-कौन सी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक जांच सुविधाएं, एमआरआई मशीनें और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर विकसित किए जाएंगे। साथ ही डॉक्टरों के लिए आवास की व्यवस्था करने और अस्पतालों में चिकित्सा कर्मियों की कमी दूर करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। उनका कहना था कि मजबूत स्वास्थ्य ढांचा तैयार होने से डॉक्टरों को बेहतर माहौल मिलेगा और राज्य के लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।