तेलंगाना को विश्व का नंबर एक राज्य बनाना लक्ष्य: सीएम
सीएम रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य लोगों के सहयोग से तेलंगाना को विश्व मंच पर नंबर एक राज्य बनाना है। वैश्विक मंच पर तेलंगाना की ताकत और ब्रांड हैदराबाद है। हमारी सरकार इस ब्रांड को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRAA) को गलत रूप में दिखाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। HYDRAA ऐसी प्रणाली है जो हैदराबाद की रक्षा करेगी। आज, बंगलूरु, मुंबई और चेन्नई जैसे शहर बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। हैदराबाद में ऐसी दुर्दशा नहीं होनी चाहिए। हैदराबाद को रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान बनाने के लिए, तालाबों पर अतिक्रमण रोकने के लिए हाइड्रा लाया गया था।
उन्होंने बताया कि अब तक हाइड्रा ने 13 पार्कों और 20 झीलों को अतिक्रमण से बचाया है। एजेंसी ने 30,000 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी ज़मीनों की सुरक्षा की है। पिछली बीआरएस सरकार के कारण वित्तीय बोझ का सामना करने के बावजूद सरकार राज्य को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
बड़ा ऋण चुकाया: रेड्डी
रेवंत रेड्डी ने कहा कि पिछली सरकार ने हम पर 8,21,652 करोड़ रुपये का बढ़ता कर्ज और बकाया छोड़ा था और जब जनता की सरकार सत्ता में आई, तो इसमें से 6,71,757 करोड़ रुपये कर्ज के रूप में थे। 40,154 करोड़ रुपये का बकाया कर्मचारियों के भुगतान और अन्य योजनाओं से संबंधित है। 1,09,740 करोड़ रुपये का बकाया एससी, एसटी उपयोजना, सिंगरेनी (कोलियरीज), बिजली और अन्य विभागों से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि कुल ऋण में से राज्य सरकार ने 2,20,676 करोड़ रुपये का ऋण चुका दिया है, जिसमें 1,32,498 करोड़ रुपये की मूल राशि और 88,178 करोड़ रुपये की ब्याज राशि शामिल है। सीएम रेड्डी ने कृषि ऋण माफी, किसानों की निवेश सहायता योजना 'रायथु भरोसा', पीडीएस के माध्यम से उत्तम किस्म के चावल का वितरण, कांग्रेस सरकार की गरीब लोगों के लिए आवास योजना 'इंदिरम्मा' के बारे में बताया।