गोवा के मुख्यमंत्री पिछले एक साल के अधिक समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बीमारी के बीच वह सरकारी काम को लगातार निपटा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मनोहर परिकर ने बुधवार को अपने आवास पर कैबिनेट की मीटिंग बुलाई है। बुधवार शाम सरकारी अधिकारी और मंत्री इस मीटिंग में भाग लेने उनके आवास पर पहुंचे। इससे पहले मंगलवार को परिकर ने अपने कैबिनेट के कुछ मंत्रियों के साथ विशेष बैठक बुलाई थी। सीएम की खराब तबियत को लेकर गोवा में राजनीति गर्म है।
कांग्रेस नेता जितेंद्र देशप्रभु ने पिछले दिनों उनकी अनुपस्थिति में शर्मनाक बयान दिया था। मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री परिकर ने अपने घर पर गोवा सरकार के कुछ मंत्रियों के साथ बैठक की थी जिसकी फोटो भी जारी की गई थी। इस मीटिंग में उन्होंने गोवा के विकास से जुड़ी इनवेस्टमेंट प्रमोशन के बारे में विचार विमर्श किया था और आज बुधवार शाम को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री दिल्ली स्थित एम्स से 14 अक्तूबर को छुट्टी लेकर गोवा रवाना हुए थे, उसके बाद से वह न तो सामाजिक रूप से और न ही निजी रूप से ही सामने आ रहे थे।
बता दें कि कांग्रेस के नेता ने उनके स्वास्थ्य को लेकर शर्मनाक बयान दिया है। वहीं 15 दिन बाद 30 अक्तूबर को उनकी पहली तस्वीर जारी की गई थी। इस फोटो में परिकर अपने आवास पर गोवा कैबिनेट के कुछ नेताओं के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। इस मीटिंग में सूचना प्रसारण मंत्री रोहन खौंते, पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर और दूसरे अधिकारी मौजूद थे।
मीटिंग के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री रोहन खौंते ने कहा कि मुख्यमंत्री बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि उनका स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने आधे घंटे से अधिक समय से समूह में और एक-एक लोगों से बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों को काम-काज को लेकर कई गाईड लाइन भी जारी की है। और यह भी कहा कि क्या किए जाने की जरूरत है। खबर है कि कोई उनकी अनुपस्थिति में हस्ताक्षर कर रहा है, जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
जानकारों का कहना है कि दिल्ली एम्स में इलाज कराने के बाद गोवा लौटे परिकर के आवास को छोटे से अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है। उनके घर पर ही सभी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लेकिन जब से वह दिल्ली से लौटे थे, उनकी कोई भी तस्वीर या जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने आई नहीं थी। कांग्रेस लगातार उनकी तस्वीर जारी करने की मांग कर रही थी।
गोवा में कांग्रेस नेता जितेंद्र देशप्रभु ने उनकी अनुपस्थिति पर शर्मनाक बयान दिया था। अपने बयान में देशप्रभु ने कहा 'गोवा के मुख्यमंत्री न तो निजी रूप से और न सार्वजनिक रूप से ही कहीं दिखाई दे रहे हैं। इससे हमारे मन में गंभीर संदेह पैदा होता है। 'देशप्रभु ने कहा 'क्या मुख्यमंत्री हैं भी, अगर नहीं हैं, तो उनका उठाला और श्राद्ध कराया जाना चाहिए। '