पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि राज्य में कोरोना के मामले घटकर आधे हो गए हैं। हमारे द्वारा 1.4 करोड़ वैक्सीन की खुराक भी अब तक मुफ्त में दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने कोरोना के मामले कम करने के लिए लॉकडाउन लगाया लेकिन हमने कुछ प्रतिबंध लागू किया है और तेजी से इस पर काबू पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के दौरान हमें लोगों का समर्थन मिला इसलिए यह संभव हो सका।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि है कि राज्य सरकार द्वारा सभी प्रमुख मंदिरों के पुजारियों का टीकाकरण किया जाएगा। वहीं राज्य सरकार 15 जून से शॉपिंग मॉल को भी 25 फीसदी कार्य क्षमता के साथ खोलने पर विचार कर रही है। बनर्जी ने राज्य सचिवालय में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद यह बात कही।
बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पाबंदियां लगाए जाने के बाद कोविड-19 के नए मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। रेस्तरां को सशर्त शाम पांच बजे से आठ बजे तक तीन घंटे के लिए खोलने की इजाजत दे दी गयी है, वहां काम करने वाले सभी कर्मचारियों का कोविड रोधी टीके लगवाना अनिवार्य होगा। हालांकि रेस्तरां को कब से खोला जाएगा इस संबंध में अभी तक किसी निश्चित तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार घरेलू सहायकों के टीकाकरण के विकल्प पर उसी तरह विचार कर रही है जिस तरह से हॉकरों, बस कंडक्टरों, विक्रेताओं और अन्य लोगों को टीका लगाने की योजना बनाई गई है। बनर्जी ने लोगों से बढ़-चढ़कर कोविड टीकाकरण अभियान में हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि अब तक राज्य के 1.4 करोड़ लोग कोविड रोधी टीका लगवा चुके हैं।