पुलिस ने रविवार को कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली से पहले ‘गोली मारो...’ नारे लगाने के आरोप में उत्तर 24 परगना जिले से सुजीत बरुआ नामक एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में सोमवार तड़के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में से पंकज प्रसाद और सुरेंद्र कुमार तिवारी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। तीसरे अभियुक्त ध्रुव बसु को उम्र व बीमारी को ध्यान में रखते हुए निजी मुचलके पर जमानत दे दी गई थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचाने गए कुछ अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा नेताओं ने इसे तृणमूल कांग्रेस की साजिश करार दिया है।