पश्चिम बंगाल में आज यानि शनिवार को पहले चरण का मतदान लगातार जारी है। दोपहर तीन बजे तक 55.76 फीसदी मतदान हुए हैं। इस बीच कई नेता दूसरे चरण के मतदान के मद्देनजर जनसभाएं भी कर रहे हैं। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खड़गपुर में अपनी एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी पर हमला किया है। ममता ने कहा कि राज्य में चुनाव चल रहे हैं और पीएम मोदी बांग्लादेश जाकर बंगाल के बारे में भाषण दे रहे हैं जो कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
सीएम ममता ने आगे कहा कि बांग्लादेश से एक प्रसिद्ध अभिनेता हमारे लिए वोट मांगने आए थे लेकिन केंद्र सरकार ने वहां की सरकार से बात कर उनका वीजा रद्द करवा दिया था लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी खुद बांग्लादेश में किसी खास वर्ग से वोट मांग रहे हैं इस स्थिति में उनका भी वीजा रद्द होना चाहिए। ममता ने कहा कि कभी-कभी वे कहते हैं कि ममता ने बांग्लादेश से लोगों को लाया है और घुसपैठ की है। लेकिन पीएम मोदी खुद वोट की मार्केटिंग के लिए बांग्लादेश जाते हैं।
दरअसल, बांग्लादेश दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओरकांडी में मतुआ समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने मतुआ समुदाय के मंदिर के दर्शन किए और समुदाय के लोगों को संबोधित किया था।
पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होने जा रहा है। 27 मार्च को पहले चरण का मतदान होगा। एक अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान, छह अप्रैल को तीसरे चरण का, 10 अप्रैल को चौथे चरण का मतदान, 17 अप्रैल को पांचवे चरण का मतदान, 22 अप्रैल को छठे चरण का मतदान, 26 अप्रैल को सातवें चरण का मतदान और 29 अप्रैल को आखिरी चरण का मतदान और दो मई को परिणाम आएंगे।