महाराष्ट्र के धुले जिले में बच्चा चोर गिरोह का सदस्य होने के शक में गांव वालों ने रविवार को पांच लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। बच्चा चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच महाराष्ट्र सरकार ने इसे संजीदगी से लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। हमने जांच का काम शुरू कर दिया है। इस मामले के कुछ दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को पांच लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की है। वहीं बच्चा चोर के शक में मारे गए लोगों के परिजनों ने सरकार से न्याय की मांग की है। उनमें से एक ने कहा कि जबसे हमारे रिश्तेदार मारे गए हैं पूरा परिवार बिखर गया है।
वहीं महाराष्ट्र डीजीपी दत्ता पादसालगिकर ने इस मामले में लोगों से गुजारिश की है कि अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो कानून हाथ में न लें बल्कि पुलिस को बताएं। उन्होंने कहा कि कृपया सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर प्रसारित हो रहे अफवाहों पर ध्यान न दें। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।
महाराष्ट्र के धुले जिले के पिंपालनेर से 25 किलोमीटर दूर स्थित आदिवासी रेनपाड़ा गांव में सुबह 11.30 बजे भीड़ ने पांच लोगों को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों के साथ इन पांचों को राज्य परिवहन बस से उतरते देखा गया था। इन पांच में से एक व्यक्ति ने जब एक बच्ची से बातचीत करने की कोशिश की तो साप्ताहिक रविवार बाजार में खरीदारी के लिए आए लोगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी और इसमें पांच लोग मारे गए। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से अफवाह फैली हुई थी कि इलाके में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय है। राज्य के गृह राज्य मंत्री दीपक केसरकर ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की थी।
यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप पर फैली एक अफवाह ने 11 राज्यों में ली 30 लोगों की जान
बच्चा चोर गिरोह की अफवाह के चलते हाल के दिनों में गुजरात, असम, झारखंड, कर्नाटक, त्रिपुरा, तमिलनाडु में पीट-पीट कर लोगों की हत्या के कई मामले सामने आ चुके हैं। तीन दिन पहले ही अहमदाबाद में बच्चा चुराने के शक में 40 वर्षीय एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
बच्चा चोर के शक में दो प्रवासी मजदूरों पर हमला
वहीं तमिलनाडु में चेन्नई के टेयनामपेट में बच्चा चोर होने के शक में लोगों ने दो प्रवासी मजदूरों पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि लोगों ने बच्चा चुराने की कोशिश के संदेह पर उन पर हमला किया लेकिन दोनों को बचा लिया गया और घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
The incident is unfortunate. We have already begun investigation in the matter. Few accused have also been arrested & the state govt has decided to give Rs 5 lakh as compensation to victims' families: Maharashtra CM on 5 people lynched in Dhule on suspicion of being child-lifters pic.twitter.com/ljpY6aZ0M7
— ANI (@ANI) July 2, 2018