यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का एक बयान उनके गले की फांस बन सकता है, जिसमें वह बिजली चोरी करने वालों को शह देते दिख रहे हैं। खास बात ये है कि उनसे पहले उनके कैबिनेट मंत्री भी एक ऐसे ही बयान में बिजली चोरी करने वालों की तरफदारी कर चुके हैं।
गुरुवार को मुजफ्फरनगर में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश में बिजली की उपलब्धता पर बयान दे रहे थे। अखिलेश के अनुसार सपा सरकार में यूपी के अधिकतर जिलों में 22 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है, सीएम ने दावा किया अगर दोबारा यूपी में सपा गठबंधन की सरकार बनती है तो बिजली आपूर्ति 24 घंटे कर दी जाएगी।
बयान के दौरान ही मुख्यमंत्री यह भी कह गए कि हम तो कहते हैं कि हम तो कटिया को भी कुछ नहीं कह रहे हैं। बिजली आ रही है 24 घंटे ये इंतजाम किया जा रहा है। हालांकि अखिलेश का यह बयान चुनावी रैली के दौरान था लेकिन जब एक मुख्यमंत्री खुद कटिया से बिजली चोरी को संरक्षण देने की बात करे तो फिर बिजली चोरों को डर किसका रहेगा।