मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस इब्राहिम के करीबी सहयोगी को केरल के कन्नूर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि वह दुबई से कन्नूर आया था, जहां पुलिस ने उसे धर दबोचा।
मोहम्मद अल्ताफ लतीफ सईद (52) दाऊद के छोटे भाई की ओर से अंतरराष्ट्रीय काम देखता है और उसके लिए हवाला ऑपरेशन भी चलाता है। वह भारत और विदेश में बसे सभी गैंग्स्टरों के संपर्क में था। अधिकारी ने कहा, 'सईद नवी मुंबई के वाशी में रहा करता था। सोमवार को जब वह कन्नूर एयरपोर्ट पर उतरा, क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।'
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार करने के बाद एईसी अधिकारी सईद को मुंबई लाए जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सईद को यहां विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे शुक्रवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है।
अधिकारी ने कहा कि सईद साल 2017-18 के एक मामले में वांछित था जिसमें अनीस ने दक्षिण मुंबई के एक होटल व्यवसायी को धमकी दी थी। होटल व्यवसायी ने जब अनीस के फोन कॉल पर ध्यान नहीं दिया तो उसके साथी रामदास रहाणे ने उसे धमकाना शुरू किया। होटल व्यवसायी ने जब क्राइम ब्रांच को इसकी जानकारी दी, तब से एक हवाला ऑपरेटर समेत चार गैंग्स्टरों की गिरफ्तारी हो चुकी है।