भारत-चीन सीमा पर भारतीय सैनिकों और चीन आर्मी के सैनिकों के बीच इस हफ्ते दो जगह टकराव हुआ। सेना के सूत्रों के हवाले से खबर है कि इससे पहले भी पांच और छह मई को पूर्वी लद्दाख सेक्टर में दोनों ओर से सेनाएं आमने-सामनें आ गयी थीं। हालांकि सूत्रों के हवाले से खबर है कि मामले को दोनों पक्षों के बीच स्थानीय स्तर पर हल कर लिया गया।
गौरतलब है कि आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शनिवार को हुई इस घटना में कई सैनिकों को मामूली चोटें भी आई हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बातचीत के बाद सैनिकों को समझाबुझाकर अलग किया गया।
एक सूत्र ने बताया, सैनिक निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप परस्पर समझ से ऐसे मामलों को सुलझा लेते हैं। इस तरह की घटना काफी समय बाद हुई है। अगस्त 2017 में लद्दाख में पेंगोंग झील में हुई तरह की घटना के बाद दोनों पक्षों के सैनिकों के बीच झड़प की यह पहली घटना है।
ऐसा पता चला है कि शनिवार को हुई इस झड़प में कुल 150 सैनिक शामिल थे। भारत और चीन के सैनिकों के बीच 2017 में डोकलाम में सड़क निर्माण को लेकर 73 दिन तक गतिरोध चला था जिससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच युद्ध की आशंका पैदा हो गई थी।