पेट्रोल में 31 फीसदी तक इथेनॉल मिलाए जाने के दावों को केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लिए गए 893 नमूनों की जांच में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19 से 21 फीसदी के बीच पाई गई। कर्नाटक के 56 नमूनों में भी औसत मिश्रण 19.30 फीसदी दर्ज हुआ।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पेट्रोल में 31 फीसदी इथेनॉल मिलाने के दावे को तेल कंपनियों के बाद अब केंद्र सरकार ने भी सिरे से खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देशभर में बिक रहा E-20 पेट्रोल तय गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह खरा उतरा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लिए गए सभी 893 सैंपल मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कर्नाटक सरकार के अधिक इथेनॉल मिश्रण के दावों को सिरे से खारिज किया था।
विज्ञापन
कर्नाटक में 26 से 31 फीसदी इथेनॉल मिलाने का लगा था आरोप
दरअसल, कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आरोप लगाया था कि राज्य के कुछ पेट्रोल पंपों पर 26 से 31 फीसदी तक इथेनॉल मिलाया जा रहा है। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से यह स्पष्टीकरण दिया गया है। मंत्रालय के 'सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी' द्वारा कराई गई जांच में 330 आईओसीएल, 280 बीपीसीएल और 283 एचपीसीएल आउटलेट्स से लिए गए सभी नमूनों में इथेनॉल की मात्रा भारतीय मानक ब्यूरो के तहत निर्धारित 19 से 21 फीसदी के दायरे में पाई गई। कर्नाटक से लिए गए सभी 56 सैंपलों में भी औसत मिश्रण 19.30 फीसदी ही दर्ज हुआ।
केरलम में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की जांच के आदेश
तिरुवनंतपुरम। केरलम के नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने राज्य के चार जिलों—तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर में पेट्रोल पंपों की जांच के आदेश दिए हैं। इन जिलों से नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
विज्ञापन
कर्नाटक सरकार की जांच प्रक्रिया पर केंद्र ने उठाए सवाल
केंद्र ने कहा कि कर्नाटक ने न तो तय प्रक्रिया के तहत सैंपल लेने की पद्धति अपनाई और न ही प्रमाणित लैब या संदर्भ मानकों का विवरण साझा किया। यह मोटर स्पिरिट एंड हाई-स्पीड डीजल कंट्रोल ऑर्डर (2005) और मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस (2024) के अनिवार्य नियमों का उल्लंघन है।
ई-20 बना 420, जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी : राहुल
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ई-20 नीति असल में 420 बन चुकी है। अब ई-20 के नाम पर जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि गाड़ियां अत्यधिक इथेनॉल झेलने में सक्षम नहीं हैं, जिससे माइलेज घट रहा है।