पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार देर रात अपना अनशन समाप्त कर दिया। मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की, जहां नड्डा ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान वांगचुक की पत्नी और डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही।
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार देर रात अपना अनशन तोड़ दिया। सोनम वांगचुक से मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मुलाकात की। नड्डा ने अपने हाथों से वांगचुक का अनशन तुड़वाया। इस दौरान अस्पताल के कमरे में उनकी पत्नी गीतांजलि एंग्मो समेत डॉक्टर की टीम भी मौजूद थी।
विज्ञापन
28 जून से अनशन पर थे वांगचुक
बता दें कि कथित परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की मांगों के समर्थन में सोनम वांगचुक ने 28 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन शुरू किया था। अनशन के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, वजन कम हुआ और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के चलते दिल्ली पुलिस ने अदालत के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह पर 19 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने अपना अनशन जारी रखा और सरकार से वार्ता तथा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन मांगा। अंततः 24 जुलाई की देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मेदांता अस्पताल में मुलाकात के बाद, सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने पर उन्होंने लगभग 25 दिन से जारी अपना अनशन समाप्त कर दिया।
विज्ञापन
वांगचुक ने बताई अनशन तोड़ने की वजह
वांगचुक ने अनशन तोड़ने के बाद सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की थी या पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की थी। कई दौर की लंबी बातचीत, विभिन्न शर्तों पर सहमति और देश में संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने अपना अनशन तोड़ने का यह फैसला लिया। वांगचुक ने कहा कि समझौते की सभी शर्तों की विस्तृत जानकारी वह जल्द ही एक अलग वीडियो के जरिए साझा करेंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की हिंसा को कहीं भी होने न दें।
'सोनम के स्वस्थ होने की कामना'
सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं की वो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना वजन फिर से प्राप्त करें। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि सोनम जी स्वस्थ रहें।
छात्रों के लिए पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात नीट पेपर लीक के मुद्दे पर एक बार फिर से आंदोलन कर रहे छात्रों के लिए संदेश जारी किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक होने के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पेपर लीक पर सरकार कठोर कानून बनाने जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक कार्रवाही पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में मसौदे पर कैबिनेट की मुहर लगने के बाद इसे कानून बनाने के लिए सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा।